मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा, जल निगम अधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की बैठक
मसूरी/देहरादून : उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज मसूरी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जल निगम के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जोशी ने यह भी कहा कि जो योजनाएं अभी लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को समय पर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने विशेष रूप से पथरियापीर पेयजल योजना एवं गढ़ी कैंट पेयजल योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाएं आम जनता की जीवनरेखा होती हैं और इनसे सीधे तौर पर लोगों का दैनिक जीवन जुड़ा होता है। ऐसे में इन योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं है।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं में निर्माण गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी योजना के क्रियान्वयन में तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो उसका त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाए, जिससे कार्य प्रभावित न हों। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर समाधान करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सड़क, सीवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है और आने वाले समय में इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
