टिहरी में नेटवर्क सुधार पर डीएम सख्त, 4जी और इंटरनेट सेवाओं की हुई व्यापक समीक्षा

खबर शेयर करें -

बीएसएनएल, जियो और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक, नेटवर्क समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर

टिहरी । जनपद टिहरी गढ़वाल में दूरसंचार सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को जनपद में 4जी सैचुरेशन की अद्यतन सूची तथा जिन ग्राम पंचायतों में ओएलटी (OLT) कार्यशील है, उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे दूरसंचार सेवाओं की वास्तविक स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।

बैठक में बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि अब तक 45 विद्यालयों में ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) के माध्यम से इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध करा दिए गए हैं और इंटरनेट सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। इन कार्यों का निरीक्षण संबंधित ग्राम प्रधानों द्वारा किया जा रहा है।

जियो कंपनी के प्रतिनिधि नितिन डिमरी ने जानकारी दी कि सभी निर्धारित कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं और सभी साइटें सुचारु रूप से कार्य कर रही हैं। चंबा क्षेत्र में फाइबर संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष टीम तैनात की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित टीम का संपर्क नंबर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नेटवर्क संबंधी शिकायतों के समयबद्ध और संतोषजनक समाधान पर विशेष जोर देते हुए डीडीओ मो. असलम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीएसएनएल के अधिकृत वेंडर ने देवप्रयाग और कीर्तिनगर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सर्विस लिंक, ओएलटी एवं राउटर से जुड़ी तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डीडीओ मो. असलम, बीएसएनएल के डीजीएम अनीत कुमार, एजीएम भगत राम, पुलिस उपाधीक्षक महेश लखेरा, ईडीएम सूरज, जियो प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad