ऋषिकेश: वन विभाग विवाद पर बोले डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, जनता को दिया समाधान का भरोसा, 13 लाख की सौगात

खबर शेयर करें -

शिवाजी नगर में आयोजित जनसभा में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए बापू ग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे पर अनावश्यक रूप से जनता को भ्रमित कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर उन्होंने इस विषय को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। मुख्यमंत्री द्वारा कई बार इस समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया गया है।जनसभा के दौरान विधायक ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कक्ष एवं मंदिर निर्माण हेतु विधायक निधि से 13 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री पुनिता भंडारी द्वारा किया गया।इस मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पहले शिवाजी नगर में पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी समस्याएं थीं, लेकिन अब स्थिति में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने सीवर लाइन के चल रहे कार्यों के लिए भी विधायक का आभार जताया।

कार्यक्रम के संचालक एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश राइटर ने भी विकास कार्यों के लिए धन्यवाद दिया।इस अवसर पर विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और पदाधिकारी—रणजीत सिंह (युवा मोर्चा), पिंकी धस्माना (महिला मोर्चा), राहुल कश्यप (ओबीसी मोर्चा), बरकत अली (अल्पसंख्यक मोर्चा), विनय पासवान (अनुसूचित जाति मोर्चा) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Ad