ऋषिकेश के शिक्षक नरेन्द्र खुराना को अंबेडकर अवॉर्ड
ऋषिकेश : शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ शिक्षाविद, लेखक एवं समाजसेवी नरेन्द्र खुराना को एक बार फिर प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) की प्रसिद्ध संस्था सनराइज एजुकेशनल वेलफेयर एसोसिएशन सेवा, गोरखपुर भारत द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के पावन अवसर पर उन्हें चौथी बार सम्मानित किया गया।
नरेन्द्र खुराना वर्तमान में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में वाणिज्य संकाय के वरिष्ठ अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं, साथ ही विद्यालय के मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण और नवाचारपूर्ण कार्यों ने उन्हें छात्रों और समाज के बीच एक विशेष पहचान दिलाई है।
खुराना न केवल शिक्षा, बल्कि साहित्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सैकड़ों सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। इसके साथ ही वे कई सामाजिक संगठनों के लिए नि:शुल्क मीडिया सेवाएं भी प्रदान करते हैं, जो उनके समाजसेवी दृष्टिकोण को दर्शाता है।
वाणिज्य विषय में उनकी विशेष पकड़ और शिक्षण शैली के कारण वे पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से लगातार शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दिलाने में सफल रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक छात्रों ने अपने करियर को नई दिशा दी है। यही वजह है कि समाज में उन्हें “कॉमर्स के जादूगर”, “सेवादार”, “रोल मॉडल” और “प्रेरणादायी शिक्षक” के रूप में जाना जाता है।
इस उपलब्धि पर नरेन्द्र खुराना ने विनम्रता के साथ इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और अपने प्रिय विद्यार्थियों को दिया। साथ ही उन्होंने गोरखपुर की संस्था एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
यह सम्मान न केवल नरेन्द्र खुराना की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि ऋषिकेश और उत्तराखंड के लिए भी गर्व का विषय है।
