गुमानीवाला में पुस्ता निर्माण की उठी मांग
ऋषिकेश : ग्राम सभा गुमानीवाला के वार्ड संख्या 10 एवं 14 में बढ़ती जलभराव और कटाव की समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने आवाज बुलंद की है। श्यामपुर भाजपा मंडल महामंत्री सत्यपाल सिंह राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में मिला और पुस्ता (तटबंध) निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि बरसात के मौसम में वार्ड संख्या 10 और 14 में जलभराव की स्थिति गंभीर हो जाती है। साथ ही नाले के कटाव के कारण किसानों की कृषि भूमि लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन पुस्ता निर्माण न होने के कारण हर साल हालात और खराब होते जा रहे हैं। इससे जन-धन की हानि की आशंका भी बनी रहती है और ग्रामीणों को आवागमन सहित कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लिया और अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड ऋषिकेश को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौके का शीघ्र निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर पुस्ता निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि प्रभावित क्षेत्र को जल्द राहत मिल सके।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गुमानीवाला की इस महत्वपूर्ण समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर श्यामपुर मंडल महामंत्री सत्यपाल राणा, बूथ अध्यक्ष गणेश राणा, पूजा भट्ट, सुनीता भट्ट, नरेन्द्र रावत, मुकेश रावत, अखिलेश राणा, सुनीता जोशी, ज्योति उनियाल, मुकेश गुंसोला, लक्ष्मण सिंह सहित अन्य क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
