खड़गे के बयान पर डॉ. अग्रवाल का तीखा विरोध
ऋषिकेश : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर सियासी घमासान तेज हो गया है। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
डॉ. अग्रवाल ने अपने बयान में कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए “आतंकवादी” जैसे शब्दों का प्रयोग करना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह देश की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक पदों का भी सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी राजनीतिक दल या नेता के लिए शोभा नहीं देती।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “मोदी चोर है”, “चौकीदार चोर है”, “मोदी हिटलर है” और “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे कांग्रेस की नकारात्मक सोच को दर्शाते हैं, जिन्हें देश की जनता हर बार नकार चुकी है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि देश की जनता ने बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और उन्हें प्रचंड बहुमत के साथ देश की बागडोर सौंपी है। इसके विपरीत, कांग्रेस की नकारात्मक और स्तरहीन राजनीति को जनता ने लगातार खारिज किया है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर कांग्रेस को प्रधानमंत्री मोदी से इतनी आपत्ति क्यों है कि वह बार-बार मर्यादा की सीमाएं लांघने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी से कांग्रेस की मानसिकता उजागर होती है और यह स्पष्ट होता है कि वह सकारात्मक राजनीति करने में असमर्थ है।
डॉ. अग्रवाल ने कांग्रेस नेतृत्व से इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, शालीनता और मर्यादित भाषा में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस लगातार स्तरहीन राजनीति पर उतरती जा रही है। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
