ऋषिकेश लूटकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, चार शातिर आरोपी गिरफ्तार
ऋषिकेश : तीर्थनगरी ऋषिकेश क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सरेराह वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 10 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। आरोपी वारदात के दौरान पीड़ित से मारपीट कर पैसे छीनकर फरार हो गए थे।कोतवाली ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को गुलाम रसूल निवासी सात मोड़ गिजरेड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 नवंबर की शाम वह दूध बेचकर सरकारी अस्पताल के पास वाल्मीकि बस्ती रोड किनारे बैठकर अपनी दिनभर की कमाई गिन रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात युवक उन पर टूट पड़े, उनका पर्स और 10 हजार रुपये छीन लिए और मारपीट करते हुए फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह ने भी तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। छानबीन में जुटी पुलिस टीम ने 19 नवंबर को एम्स रोड, ऋषिकेश से चारों आरोपियों को दबोच लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन भंडारी, पंकज सिंह निवासी ढालवाला, कैलाश निवासी मायाकुंड तथा आकाश उर्फ गोलू निवासी कुम्हारबाड़ा ऋषिकेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए राहगीरों से मोबाइल, नकदी और अन्य सामान छीनते रहते थे। 17 नवंबर को भी उन्होंने मौके का फायदा उठाकर पीड़ित से रुपए लूटे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी पूर्व में कई बार अपराध कर जेल जा चुके हैं। गौरतलब है कि सरेआम हुई इस लूट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
