ऋषिकेश की बेटी शताक्षी शर्मा बनीं डीएसपी, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सम्मानित
ऋषिकेश। ऋषिकेश की होनहार बेटी शताक्षी शर्मा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर चयन होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उनके आवास पर पहुंचकर शताक्षी शर्मा को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अग्रवाल ने शताक्षी शर्मा को पगड़ी पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शताक्षी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे ऋषिकेश क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रही हैं। शताक्षी शर्मा की सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने शताक्षी के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, संस्कार और मार्गदर्शन के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शताक्षी शर्मा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करते हुए समाज और प्रदेश की सेवा करेंगी।
इस अवसर पर शताक्षी शर्मा के पिता दिनेश कुमार शर्मा, माता लीला देवी शर्मा, बहन कुमारी दिव्यांशी शर्मा, भाई प्रणव शर्मा सहित जितेंद्र पाल, कौशल बिजलवान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
