फरार दो आरोपियों की तलाश में जंगलों में कॉम्बिंग, पुलिस ने घोषित किया ₹15-15 हजार का इनाम
ऋषिकेश: श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के भट्टोंवाला में 4 जून 2026 को हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान तेज कर दिया है। स्थानीय स्तर पर ऋषिकेश-देहरादून मार्ग से सटे जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर घटना में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए दोनों आरोपियों पर ₹15-15 हजार का नकद इनाम घोषित किया गया है। इस संबंध में सभी थाना-चौकियों और संबंधित इकाइयों को सूचित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार फायरिंग की घटना में कुल तीन आरोपी शामिल थे, जिनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश, संभावित ठिकानों पर छापेमारी और जंगल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
