कौड़ियाला में गंगा स्नान के दौरान पर्यटक बहा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : कौड़ियाला स्थित एक होटल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी एक पर्यटक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा स्नान कर रहा एक व्यक्ति अचानक संतुलन खो बैठा और तेज धारा में बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह कुछ दूर तक पानी में संघर्ष करता दिखाई दिया, जिसके बाद नजरों से ओझल हो गया।

घटना की सूचना पर एसडीआरएफ ढालवाला की टीम, जो देवप्रयाग क्षेत्र में चल रहे एक अन्य सर्च अभियान में जुटी हुई थी, तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद राफ्ट और अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में गहन तलाशी अभियान शुरू किया।

लापता व्यक्ति की पहचान आशीष जैन (40 वर्ष), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ पर्यटन के लिए ऋषिकेश आया था और कौड़ियाला स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था।

एसडीआरएफ ने नदी में काफी दूर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने और दृश्यता कम होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। टीम ने बताया कि रविवार सुबह पुनः सघन सर्च अभियान चलाया जाएगा।

एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा नदी या अन्य जलधाराओं में स्नान करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि गंगा का जलस्तर और प्रवाह अचानक बदल सकता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

Ad