भट्टोंवाला गोलीकांड के बाद खदरी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट, चलाया गया विशेष सत्यापन अभियान
ऋषिकेश: भट्टोंवाला प्लांटेशन में हाल ही में हुई गोलीकांड की घटना के बाद ग्राम सभा खदरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। प्रगतिपुरम, चोपड़ा फार्म और आसपास के बाजार क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का व्यापक सत्यापन किया गया।
अभियान का नेतृत्व कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान ने पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया। सत्यापन के दौरान कई ऐसे किरायेदार और बाहरी व्यक्ति पाए गए जिनका पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। उन्हें तत्काल पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मकान स्वामियों से भी अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की गई।
बीना चौहान ने कहा कि क्षेत्र में बाहरी लोगों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भट्टोंवाला गोलीकांड जैसी घटनाओं के बाद क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक हो गया है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक किरायेदार और बाहरी व्यक्ति का विवरण ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जाएगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता विनोद चौहान, कैलाश बिंजोला, विनोद भट्ट, बबलू चौहान, लक्ष्मण सिंह राणा और सूरजपाल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
