हरिद्वार के सिडकुल में सैलून संचालक ने की आत्महत्या
हरिद्वार : सिडकुल थाना क्षेत्र की राम धाम कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक सैलून संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नीरज (उम्र लगभग 30-35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इलाके में सैलून का काम करता था।
जानकारी के अनुसार, घटना का पता उस समय चला जब नीरज के परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राथमिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि नीरज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद से इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
