खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : उत्तराखंड के पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था, जहां अब उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और सभी जरूरी पैरामीटर सामान्य हैं।बताया गया है कि सतपाल महाराज को श्वास संबंधी समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया, जहां मेडिसिन विभाग के हेड प्रो. रविकांत की निगरानी में डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एम्स ऋषिकेश पहुंचे और उन्होंने सतपाल महाराज का हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। अस्पताल प्रशासन की ओर से चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री और इलाज कर रही टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि महाराज के स्वास्थ्य में काफी सुधार हुआ है और वह पहले से बेहतर हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल में सतपाल महाराज से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, संस्थान के उप निदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, पीआरओ श्रीलोय मोहंती सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।उधर, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. सत्या श्री ने जानकारी दी कि सतपाल महाराज को हल्का निमोनिया है, लेकिन सभी वाइटल्स सामान्य हैं और अन्य रिपोर्ट्स भी संतोषजनक हैं। उन्होंने बताया कि उपचार का सकारात्मक असर दिख रहा है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

Ad