अमित शाह से मिले सतपाल महाराज, बनबसा आईसीपी परियोजना पर हुई चर्चा

खबर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बनबसा एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) और उससे जुड़ी एप्रोच रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल सीमा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि भारत और नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

महाराज ने केंद्रीय गृहमंत्री को अवगत कराया कि बनबसा आईसीपी का निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित है, जिससे स्थानीय लोगों और सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की।

बैठक में सतपाल महाराज ने कहा कि बनबसा आईसीपी के पूर्ण होने से सीमावर्ती क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक सुविधाएं बेहतर होंगी और सीमा प्रबंधन अधिक प्रभावी बन सकेगा। साथ ही पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंत्री सतपाल महाराज की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना की प्रगति में तेजी लाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्रों के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस मुलाकात को उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि परियोजना में आ रही बाधाओं का जल्द समाधान होगा और बनबसा आईसीपी का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।

Ad