हल्द्वानी में सनसनीखेज हत्याकांड: भाजपा नेता अमित बिष्ट ने युवक को मारी गोली
हल्द्वानी: शहर के जज फार्म क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता और पार्षद अमित बिष्ट ने कथित तौर पर 24 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद को हिरासत में ले लिया है और हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात नितिन लोहनी अपने दोस्तों के साथ जज फार्म क्षेत्र में गया था। नितिन के एक करीबी दोस्त ने पुलिस को बताया कि वे लोग अमित बिष्ट के घर पहुंचे और जैसे ही उन्होंने घंटी बजाई, अंदर से बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू हो गई। गोली नितिन को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में नितिन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और घटना स्थल पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिसे देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अमित बिष्ट को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली बेहद नजदीक से चलाई गई थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे क्या कारण था और क्या दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद चल रहा था। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इधर, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल नितिन लोहनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
