सीएम धामी के समक्ष उठी सफाई कर्मियों की आवाज, प्रतिनिधि मंडल ने सौंपा ज्ञापन
देहरादून: सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर भगवत प्रसाद मकवाना के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने सफाई कर्मियों से जुड़े कई गंभीर और अहम मुद्दों को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि राज्य के विभिन्न नगर निकायों और विभागों में कार्यरत सफाई कर्मचारी वर्षों से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि सफाई कर्मियों द्वारा लगातार सेवाएं देने के बावजूद ‘वन टाइम सेटलमेंट’ से जुड़े आदेशों के कारण उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनका भविष्य असुरक्षित बना हुआ है। इस पर वन टाइम सेटलमेंट से संबंधित आदेशों को निरस्त कर नियमितीकरण की प्रक्रिया बहाल करने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही ज्ञापन में मृतक आश्रित रोजगार व्यवस्था को पुनः लागू करने का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी अत्यंत जोखिमपूर्ण होती है और कार्य के दौरान दुर्घटना या बीमारी से मृत्यु होने पर उनके परिवारों के सामने गंभीर आजीविका संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे में मृतक आश्रितों को रोजगार देने की पूर्व व्यवस्था को बहाल किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक जीवन मिल सके।

प्रतिनिधि मंडल ने सफाई कर्मचारियों के बीमा को दोबारा लागू करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि पहले लागू बीमा योजनाएं कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा कवच का काम करती थीं, लेकिन वर्तमान में इनके बंद होने से कर्मचारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बीमा योजना के पुनः लागू होने से आकस्मिक दुर्घटनाओं और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से राहत मिल सकेगी। इसके अलावा वेतन विसंगतियों, सेवा शर्तों में सुधार, समय पर वेतन भुगतान, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और कार्यस्थल पर सम्मानजनक व्यवहार जैसे मुद्दे भी ज्ञापन में शामिल किए गए। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सफाई कर्मचारियों को समाज का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन मांगों पर शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और उनके कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को सकारात्मक आश्वासन के लिए धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होगा और उन्हें उनका अधिकार व सम्मान भी।
