देहरादून: पेंशनरों के भौतिक सत्यापन हेतु विशेष शिविर 22 व 24 अप्रैल को
देहरादून, 17 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा पेंशनरों के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत समाज कल्याण, महिला कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीम पहले चरण में सहसपुर और डोईवाला विकासखंडों में शिविर लगाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 अप्रैल को सहसपुर ब्लॉक के ग्राम खुशहालपुर स्थित पंचायत भवन में तथा 24 अप्रैल को डोईवाला ब्लॉक के राइका बुल्लावाला में प्रातः 11 बजे से सत्यापन शिविर आयोजित होंगे।प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि इन शिविरों में ग्राम प्रधान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। सत्यापन प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराई जाएगी।
पेंशनरों जिनमें वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा और परित्यक्ता शामिल हैं जिनको शिविर में स्वयं उपस्थित होकर अपने वोटर आईडी और आधार कार्ड की मूल प्रति लाना अनिवार्य होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथियों पर सत्यापन के लिए उपस्थित न होने वाले पेंशनरों की आगामी पेंशन धनराशि का भुगतान रोक दिया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत पेंशनरों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।
