लोकभवन में हुआ शपथ ग्रहण समारोह
देहरादून : उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार आखिरकार पूरा हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने पांच विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमें खजान दास, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, भरत सिंह चौधरी और मदन कौशिक शामिल हैं।राजभवन स्थित लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने सभी नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कैबिनेट के अन्य मंत्री और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कैबिनेट विस्तार के बाद अब धामी मंत्रिमंडल की कुल संख्या 7 से बढ़कर 12 हो गई है। माना जा रहा है कि नए मंत्रियों को आगामी लगभग 10 महीनों का समय मिलेगा, जिसमें वे अपने-अपने विभागों में लंबित योजनाओं को गति देने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर फोकस करेंगे।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर भीमताल से विधायक राम सिंह कैड़ा का मंत्री बनना चर्चा में है। राम सिंह कैड़ा पहले कांग्रेस में थे, लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के दौरान उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। अब उन्हें मंत्री पद देकर पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।सरकार को उम्मीद है कि इस विस्तार के बाद राज्य में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी और रुकी हुई परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
