शम्भू पासवान ने श्री श्री रविशंकर से की मुलाकात
ऋषिकेश: शीशम झाड़ी स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में आज एक आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब ऋषिकेश मेयर शम्भू पासवान पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी से भेंट करने पहुंचे। इस दौरान विधायक पासवान ने गुरुदेव से ससम्मान मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक शम्भू पासवान ने बताया कि यह भेंट उनके लिए अत्यंत विशेष और प्रेरणादायक रही। गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने इस अवसर पर जीवन में सकारात्मक सोच, सेवा भाव और आध्यात्मिकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर ही एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
भेंट के दौरान क्षेत्रीय विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। गुरुदेव के मार्गदर्शन से विधायक पासवान ने जनहित में कार्यों को और अधिक गति देने की प्रेरणा प्राप्त की।कार्यक्रम में अन्य गणमान्य व्यक्तियों और श्रद्धालुओं की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त कर इस अवसर को अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण बताया।
अंत में, सभी उपस्थित लोगों ने गुरुदेव के विचारों से प्रेरित होकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और सेवा भाव के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।
