श्रीनगर में ओवरटेक को लेकर तनाव, पुलिस ने संभाला मामला

खबर शेयर करें -

श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर गढ़वाल में ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। स्थानीय युवकों और राजस्थान से आए यात्रियों के बीच हुई मारपीट में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले सड़क पर ओवरटेक को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और हाथापाई में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी भी पक्ष की ओर से कानून हाथ में लेने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते विवादों और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Ad