हरित क्रांति की धरती पंतनगर में दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ, केंद्रीय कृषि मंत्री व मुख्यमंत्री हुए शामिल
पंतनगर। पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि के इतिहास का गौरवशाली केंद्र है, जिसने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरित क्रांति में इस विश्वविद्यालय का योगदान अतुलनीय रहा है और आज भारत लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है। भारत चावल उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है तथा भारतीय गेहूं और बासमती चावल की मांग विश्वभर में लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि वे पंतनगर सिखाने नहीं, बल्कि सीखने आए हैं। यहां के विद्यार्थियों और विशेषज्ञों से संवाद कर उन्होंने भारतीय कृषि के भविष्य की झलक देखी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी देश और दुनिया में भारत का नाम रोशन करेंगे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व छात्रों से उत्तराखंड के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाएं तथा अपने ज्ञान और अनुभव का एक हिस्सा राज्य के विकास के लिए समर्पित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंतनगर विश्वविद्यालय का पूर्व छात्र परिवार विश्वविद्यालय, उत्तराखंड और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने पंतनगर संग्रहालय तथा स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया और धान की रोपाई में भी भाग लिया। केंद्रीय कृषि मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि कम होने के बावजूद प्रदेश के कृषि उत्पादन में लगभग तीन लाख टन की वृद्धि हुई है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने का अनुरोध भी किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, कुलपति डॉ. एस. के. कश्यप, सचिव डॉ. एस. एन. पांडे, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, कुलसचिव दीपा विनय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।
