नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नई टिहरी में क्रिकेट मैच का आयोजन

खबर शेयर करें -

नई टिहरी: नशा मुक्त भारत अभियान सप्ताह (17 जून से 26 जून, 2026) के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई।

क्रिकेट मुकाबला सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी और टिहरी टाइगर्स के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में सम्राट स्पोर्ट्स अकादमी ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अनिरुद्ध राणा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़ना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना और समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश फैलाना है। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित युवाओं और दर्शकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मयंक थपलियाल, आकाश श्रीवास्तव, शशि कुमार, चन्द्रमोहन राणा सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Ad