नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने और संगठन मजबूत करने का आह्वान
हरिद्वार: अखिल भारतीय वैश्य अग्रवाल महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हरिद्वार स्थित एक होटल में आयोजित हुई। बैठक में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान समाज की एकजुटता, संगठन की मजबूती और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने महासभा के पूर्व मुख्य संरक्षक स्वर्गीय ज्वाला प्रसाद “अनिल” की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. अनिल का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, संगठन को सशक्त बनाने और वैश्य समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनका योगदान सदैव समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि वैश्य समाज देश की आर्थिक और सामाजिक संरचना का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने संगठन की एकजुटता बनाए रखने, समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने तथा नई पीढ़ी को संस्कारों और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकता है।
बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद गर्ग, संरक्षक अवधेश अग्रवाल, हीरालाल मित्तल, राजीव मोहन अग्रवाल, पूर्व दर्जाधारी कृष्ण कुमार सिंघल, अजय गुप्ता, मधु गोविल, भारती गर्ग, नीलिमा अग्रवाल, श्यामलाल अग्रवाल, शकुंतला अग्रवाल सहित अग्र समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाजहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
