नैनीडांडा में गुलदार का आतंक, महिला को बनाया निवाला, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार क्षेत्र के नैनीडांडा ब्लॉक में गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान सुशीला देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुशीला देवी किसी कार्य से घर के आसपास गई थीं, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक गुलदार उन्हें गंभीर रूप से घायल कर चुका था। स्थानीय लोगों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं और कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग ने प्रभावी कदम नहीं उठाए। ग्रामीणों ने गुलदार को जल्द पकड़ने, प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है। वहीं, घटना के बाद पूरे नैनीडांडा क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
