नई टिहरी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
नई टिहरी: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिला चिकित्सालय बौराड़ी (नई टिहरी) में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल और मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर और स्थायी विकलांगता पैदा करने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है और कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने भी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए सभी बच्चों तक समय पर पोलियो की खुराक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों से अभियान को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश डोभाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राकेश भट्ट, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी चन्द्र प्रकाश भट्ट सहित जिला चिकित्सालय की एएनएम, नर्सिंग अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर जीवनरक्षक पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि उत्तराखंड को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयास लगातार सफल होते रहें।
