ओखलकांडा में तेंदुए का आतंक: घास काट रही महिला पर हमला, जंगल में घसीटकर ले गया, मौत से गांव में आक्रोश

खबर शेयर करें -

ओखलकांडा : नैनीताल जनपद के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत चमोली गांव में तेंदुए के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गांव की रहने वाली रेखा देवी रोज़ की तरह जंगल के पास घास काटने गई थीं, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। तेंदुआ रेखा देवी को करीब दो किलोमीटर तक जंगल में घसीटते हुए ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने काफी खोजबीन के बाद जंगल के भीतर रेखा देवी का शव बरामद किया। इस भयावह घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएफओ, भीमताल विधायक और सीएमओ नैनीताल के पहुंचने की सूचना है। वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में कांबिंग शुरू कर दी गई है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए की आवाजाही बनी हुई थी, जिसकी जानकारी विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा, क्षेत्र में पिंजरा लगाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन हो रहे वन्यजीव हमलों से ग्रामीणों का जीवन खतरे में पड़ गया है। यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Ad