महिला से चेन छीनकर भाग रहा था आरोपी
पूर्वी दिल्ली / प्रीत विहार : पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई, जहां एक महिला से चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को पुलिस ने तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया। घटना उस समय हुई जब पीड़िता हुमैरा सड़क पर जा रही थीं, तभी आरोपी सूरज ने अचानक पीछे से आकर उनकी चेन छीन ली और मौके से फरार होने लगा।
घटना के बाद हुमैरा ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे आसपास मौजूद लोगों का ध्यान इस ओर गया। इसी बीच इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मी भी तुरंत हरकत में आ गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते आरोपी को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर उसके पास से छीनी गई चेन भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल जरूर बना, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में भरोसा भी कायम हुआ है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
