लोकगायिका शगुन उनियाल, मंजू नौटियाल सहित लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों पर झूमे दर्शक

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: आरएमआई ग्राउंड, ढालवाला में शुक्रवार शाम क्रेजी पर्यटन एवं विकास मेला–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। भारी बारिश के बावजूद मेले का उत्साह चरम पर नजर आया। पर्यावरण संरक्षण एवं जीरो वेस्ट थीम पर आधारित इस मेले का उद्घाटन मेलाध्यक्ष/पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने सभासदों के साथ विधिवत पूजा, अर्चना, हवन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

शुभारंभ अवसर पर लोकसंस्कृति की सजीव झलक देखने को मिली। लोकगायिका शगुन उनियाल, मंजू नौटियाल तथा लोकगायक कांति चौहान और सुनील कोठियाल की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। देर रात तक दर्शक लोकगीतों की धुनों पर झूमते नजर आए। बारिश भी दर्शकों के उत्साह को कम नहीं कर सकी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेलाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि यह मेला केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जीरो वेस्ट जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने नगरवासियों से मेले को सफल बनाने और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

मेले के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में सांस्कृतिक, खेलकूद एवं शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 जनवरी को ओपन वॉलीबाल टूर्नामेंट, नृत्य एवं गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही लोकगायक विनोद बिजल्वाण, अनीशा रांगड़, रमेश उनियाल, विवेक नौटियाल एवं शिवानी नेगी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 25 जनवरी को वॉलीबाल एवं नृत्य-गायन प्रतियोगिता का फाइनल होगा। इस दिन लोकगायक विनोद सती, अन्नू रावत, अमन खरोला, धनराज शौर्य, सोनम सुरवंदिता एवं विजय पंत मंच संभालेंगे।26 जनवरी को नगर क्षेत्र के विद्यालयों के साथ मेला प्रांगण में सामूहिक ध्वजारोहण एवं मार्च-पास्ट आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता तथा विद्यालयों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 27 जनवरी को उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पर संगोष्ठी, नगर क्षेत्र के विद्यालयों के मध्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का फाइनल एवं वैदिक जागर सम्राट मंगलेश डंगवाल का संध्या कार्यक्रम आयोजित होगा। 28 जनवरी को कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, पारंपरिक वेशभूषा एवं महिला टीम बिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद फरवरी डॉ. प्रीतम भरतवाण का विशेष संध्या कार्यक्रम होगा। 29 जनवरी को कबड्डी फाइनल, प्रतिभा सम्मान एवं मांगल प्रतियोगिता के उपरांत “एक शाम खाटू वाले के नाम” भजन संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें शुभम खुराना व भविष्य सीकरी भजनों की प्रस्तुति देंगे।

उद्घाटन संध्या पर लोकगायिका शगुन उनियाल के “बणिजा मेरी जोगण, मैं तेरू जोगी छौं”, मंजू नौटियाल के “कमरा पीढ़ा, देवी, सुरेतु मामा”, कांति चौहान के “चन्द्रा रात खुलेगे, जमुना छोरी” तथा सुनील कोठियाल के “देवी नंदुला” जैसे लोकप्रिय लोकगीतों पर बड़ी संख्या में दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

इस अवसर पर समाजसेवी हिमांशु बिजल्वाण, सभासद विनोद खंडूड़ी, ब्रिजेश गिरी, लक्ष्मण भंडारी, गजेंद्र सजवाण, स्वाति पोखरियाल, विनोद सकलानी, क्रेजी फेडरेशन के अध्यक्ष मनीष डिमरी, राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी, अशोक क्रेजी, शंकर नौटियाल, उल्लास बहुगुणा, किरन चौहान, आरती चौहान, दीपा भट्ट, सीमा बिजल्वाण, देवस्पति बिजल्वाण, रामकृष्ण पोखरियाल सहित सफाई निरीक्षक कमल चौहान एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Ad