ऋषिकेश में वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित
ऋषिकेश: आईएसबीटी ऋषिकेश स्थित होटल दिग्विजय में साइट सेवर इंडिया एवं निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में वाहन स्वामियों, चालकों एवं परिचालकों के लिए एक निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और परिवहन से जुड़े लोगों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच करना रहा।
शिविर के दौरान चालकों एवं परिचालकों की आंखों का आधुनिक दूरबीन एवं अन्य उपकरणों की सहायता से परीक्षण किया गया। जांच के दौरान जिन चालकों व परिचालकों की आंखों में दृष्टि संबंधी कमी पाई गई, उन्हें संस्थान की ओर से निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए। यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए राहतकारी रही, जो लंबे समय तक वाहन चलाने के कारण आंखों की समस्याओं से जूझते हैं।
नेत्र परीक्षण के लिए कुल पांच सदस्यीय मेडिकल टीम तैनात रही, जिसमें तीन अनुभवी ऑप्टोमेट्रिस्ट एवं दो सहायक शामिल थे। शिविर में कुल 85 वाहन चालकों एवं परिचालकों की आंखों की जांच की गई और सभी लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए।इस शिविर का आयोजन उत्तराखंड परिवहन महासंघ के अध्यक्ष सुधीर राय के विशेष सहयोग से किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए चालकों का शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है और नेत्र परीक्षण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शिविर के सफल आयोजन में निर्मल आश्रम नेत्र संस्थान की ओर से वसीम खान, सचिन ममगाईं, आरुष कुमार एवं संतु यादव का विशेष योगदान रहा। वहीं स्थानीय रोटेशन के अध्यक्ष नवीन चंद रमोला के साथ मनीष डिमरी, उल्लास बहुगुणा, मदन कोठारी, आशुतोष तिवारी, मुकेश नेगी, दयाल सिंह भंडारी एवं बालम सिंह मेहरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की बात कही, ताकि परिवहन क्षेत्र से जुड़े अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके और सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
