पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा 100 मीटर गहरी खाई में गिरी जीप
पिथौरागढ़ : जनपद के बोरागांव–बसौड मोटर मार्ग पर बीती देर रात्रि एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब शादी समारोह से लौट रही एक महिन्द्रा कमांडर डीआई (वाहन संख्या UA05 5382) अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से मिली सूचना के अनुसार, वाहन कॉटेबोरा से बसौड की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक नियंत्रण खोने से यह भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी वड्डा, एसडीआरएफ (SDRF) पिथौरागढ़ की टीम और 108 एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची।
स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। खाई में गिरे वाहन में फंसे सभी चारों लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। वाहन में चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। इस हादसे में कॉटेबोरागांव निवासी 22 वर्षीय लक्की भण्डारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक जगदीश बिष्ट (40 वर्ष), मोहन सिंह (40 वर्ष) और सचिन चन्द (22 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
रेस्क्यू टीम ने मृतक के शव को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
इस पूरे राहत एवं बचाव अभियान में स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ टीम और जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने और रात्रि के समय वाहन चलाते समय सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
