केतन अग्रवाल हत्याकांड में मंगेतर समेत दो गिरफ्तार
पुणे : पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उनकी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत केतन की हत्या की।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने केतन अग्रवाल को महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर घुमाने के बहाने ले जाकर हत्या की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि किले की खाई में धक्का देने से पहले आरोपियों ने कई बार केतन की हत्या करने की कोशिश की, लेकिन हर बार वे असफल रहे। आखिरकार मौका मिलते ही केतन को गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले सबूतों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के मकसद और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका तो नहीं थी।
