चाईबासा में सड़क हादसा बाइक-कार की टक्कर में पूर्व सैनिक की मौत
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक सुरेंद्र जामुदा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब नूगड़ी निवासी सुरेंद्र जामुदा की बाइक की ओडिशा नंबर की एक कार से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेंद्र जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। पूर्व सैनिक की असामयिक मौत से क्षेत्र में भी दुख का माहौल है।
