यूकेडी ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 47वां स्थापना दिवस, राज्य की मूल अवधारणा को बचाने का लिया संकल्प
ऋषिकेश के मालवीय नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने पलायन, बेरोजगारी, भू-माफिया और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जताई चिंता।
ऋषिकेश।उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ऋषिकेश इकाई ने शुक्रवार को मालवीय नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ दल का स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राजेंद्र गुनसोला ने की।अपने अध्यक्षीय संबोधन में राजेंद्र गुनसोला ने कहा कि दल की रीति-नीति और संविधान के अनुरूप संगठन का अनुशासन सर्वोपरि है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित रहना चाहिए।
केंद्रीय उपाध्यक्ष मोहन सिंह असवाल ने कहा कि 24 जुलाई 1979 को मसूरी में तत्कालीन कुमाऊं विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कुलपति डॉ. डी.डी. पंत की अध्यक्षता में हुई ऐतिहासिक बैठक में उत्तराखंड क्रांति दल का गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य बनने के बाद भी उत्तराखंड पलायन, बेरोजगारी, भू-माफिया, शराब माफिया, शिक्षा माफिया, जंगल माफिया और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। स्थापना दिवस पर इन समस्याओं के समाधान और उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए संकल्प लेने की आवश्यकता है।
युवा प्रकोष्ठ के संगठन मंत्री हिमांशु पवार ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ने पृथक राज्य आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश के समय पर्वतीय क्षेत्रों की लगातार उपेक्षा हो रही थी, जिसके कारण अलग राज्य की मांग जनभावना बन गई थी।दल के वरिष्ठ नेता दिनेश चंद्र मास्टर ने कहा कि आज भी पर्वतीय क्षेत्रों को अपेक्षित विकास नहीं मिल पा रहा है। वहीं केंद्रीय संगठन मंत्री उषा चौहान ने कहा कि संयुक्त उत्तर प्रदेश के दौर में उत्तराखंड के लोगों के साथ लगातार उपेक्षा होती रही।
पूर्व महानगर अध्यक्ष सौरभ सेमवाल ने कहा कि डॉ. डी.डी. पंत के आह्वान पर कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल का गठन किया, जिसने पृथक राज्य, जल-जंगल-जमीन और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ी।कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सुनील बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड के ध्वज के तीनों रंग संघर्ष, शांति और हरियाली के प्रतीक हैं, जो राज्य आंदोलन के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाते हैं।कार्यक्रम में रमेश चंद्र रतूड़ी, शकुंतला कलूड़ा, करण भारतवाल, प्रेम सिंह नेगी, के.डी. जोशी, हिमांशु रावत, पुष्पा, मंजू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राजेश चमोली ने किया।
#UKD #UttarakhandKrantiDal #Rishikesh #UttarakhandPolitics #StatehoodMovement
