केंद्रीय बजट महिलाओं की आत्मनिर्भरता का ऐतिहासिक दस्तावेज कुसुम कंडवाल
ऋषिकेश : राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 महिलाओं और बेटियों के स्वाभिमान, सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को समर्पित एक ऐतिहासिक दस्तावेज है, जो विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रखता है। ऋषिकेश स्थित व्यापार सभा भवन में स्थानीय व्यापारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ केंद्रीय बजट सत्र का सीधा प्रसारण सुनने के उपरांत उन्होंने बजट की प्रमुख घोषणाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर कुसुम कंडवाल ने बजट को देश की मातृशक्ति के लिए अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि यह हर महिला के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि लगातार नौ वर्षों से एक महिला केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का बजट प्रस्तुत कर रही हैं। यह वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त होती नारी शक्ति का जीवंत उदाहरण है और महिला नेतृत्व में देश के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
कुसुम कंडवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस बार महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए ₹3 लाख करोड़ से अधिक की ऐतिहासिक राशि का प्रावधान किया गया है। यह निवेश शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर देश की आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने विशेष रूप से ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार, कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास एवं क्रेच सुविधाओं में वृद्धि, तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने वाले प्रावधानों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से महिलाओं की कार्यक्षेत्र में भागीदारी में आने वाले वर्षों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा कि मुद्रा लोन की सीमा में बढ़ोतरी और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत महिलाओं को मकान में मालिकाना हक दिए जाने से उनके सामाजिक और आर्थिक स्तर में व्यापक सुधार हुआ है। आज देश की बेटियाँ केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कुसुम कंडवाल ने विश्वास जताया कि यह समावेशी और दूरदर्शी बजट विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में सहायक सिद्ध होगा तथा देश की हर बेटी के सपनों को नई उड़ान देगा।कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी बजट को महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।
