रायवाला में पहली बार रैनबुकाई इंटरस्टेट मार्शल आर्ट चैंपियनशिप 2026 का आयोजन
रायवाला : रायवाला कराटे एकेडमी के तत्वाधान में पहली बार प्रतीतनगर, रायवाला में रैनबुकाई इंटरस्टेट मार्शल आर्ट चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एडम कमांडेंट कर्नल हिमांशु वशिष्ठ, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य हरिपुर कलां दिव्या बेलवाल, समाजसेवी विरेन्द्र नौटियाल, अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं कोच कमल सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान प्रतीतनगर राजेश जुगलान तथा ग्राम प्रधान खांड गांव सविता नेगी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
प्रतियोगिता में ऋषिकेश, देहरादून, हरिद्वार और मेरठ से आए लगभग 220 प्रतिभागी खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। मुकाबले पूरे दिन चले, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विजयी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, आत्मरक्षा की भावना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, साथ ही उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
आयोजन की सफलता में रायवाला कराटे एकेडमी के संचालक सचिन कुमार का विशेष योगदान रहा। इसके साथ ही मेरठ से कोच राहुल कुमार, हरिपुर कलां से कोच राजेश भंडारी, देहरादून से कोच चन्दन कुमार एवं गौतम, सहारनपुर से कोच मायरा कुरैशी एवं हर्ष सहित विशाल, अंश ठाकुर, आर्यन तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
आयोजन समिति, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और सहयोगकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई और क्षेत्र में मार्शल आर्ट को नई पहचान मिली।
