ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
ऋषिकेश: कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक 31/01/2026 की रात्रि को सूचना मिली कि शिवाजी नगर, गली नंबर-11 में किराये पर रह रही एक महिला को एक व्यक्ति ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा, जहां महिला की मौत हो चुकी थी।
मृतका की पहचान प्रीति रावत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि प्रीति एम्स अस्पताल में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और शिवाजी नगर में अकेले किराये पर रहती थी। घटना के संबंध में मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी, जिसमें सुरेश गुप्ता पर उनकी पुत्री की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया। तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु०अ०सं०-49/26, धारा-103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली ऋषिकेश में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस द्वारा अभियुक्त के सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिशें दी जा रही हैं।
पुलिस के अनुसार, आसपास के लोगों से पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो चुका था। कोरोना काल के दौरान वह अभियुक्त सुरेश गुप्ता के ससुराल पक्ष की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने आई थी, जहां दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद सुरेश गुप्ता का प्रीति के घर आना-जाना बढ़ गया और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बताया गया कि इस प्रेम प्रसंग की जानकारी जब सुरेश गुप्ता के परिवार को हुई तो उसके और उसकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगे। स्थानीय सम्मानित व्यक्तियों ने भी पारिवारिक विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं संभली। अंततः लगभग चार माह पूर्व सुरेश गुप्ता ने प्रीति से विवाह करने के उद्देश्य से अपनी पत्नी से आपसी सहमति से तलाक ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रीति से शादी से पहले उसके और उसके परिजनों द्वारा ऋषिकेश में संपत्ति लेने की बात सुरेश गुप्ता से कही गई थी। इसके चलते अभियुक्त ने लक्सर (हरिद्वार) स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी और ऋषिकेश में मकान तलाशने लगा। हालांकि, उक्त राशि में मनचाही संपत्ति न मिल पाने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता चला गया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान अभियुक्त अवसाद की स्थिति में भी चला गया था।
प्रथमदृष्टया पुलिस को यह प्रतीत हो रहा है कि प्रेम प्रसंग, पत्नी से तलाक, संपत्ति बेचने के बावजूद ऋषिकेश में मकान न खरीद पाने और बढ़ते तनाव व अवसाद के चलते अभियुक्त ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से विवेचना कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और अभियुक्त के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वास्तव में सुरेश गुप्ता ने ही गोली मारी थी या घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
