सरस्वती विद्या मंदिर ऋषिकेश में कक्षा 6 से 9 की प्रवेश परीक्षा संपन्न

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रथम प्रवेश परीक्षा शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रवेश परीक्षा का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष विधिवत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस मौके पर विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका रजनी गर्ग एवं अध्यापिका लक्ष्मी चौहान ने संयुक्त रूप से अपने उद्बोधन में कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर केवल परीक्षा आधारित शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति से युक्त समग्र शिक्षा प्रदान की जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने का आह्वान किया।

विद्यालय के खेल शिक्षक रविन्द्र सिंह परमार ने अपने संबोधन में शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल शैक्षिक रूप से सक्षम बनाना है, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कारों से युक्त जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रवेश परीक्षा में लगभग 250 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। इस अवसर पर पंकज मिश्रा, वाइस प्रिंसिपल नागेन्द्र पोखरियाल, रीना पाटिल, रश्मि गुसाईं, नेहा मालयान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Ad