केंद्रीय बजट घरेलू उद्योग और व्यापार को देगा नई दिशा: दिनेश डोभाल

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : भारत सरकार द्वारा हाल ही में पारित किया गया केंद्रीय बजट घरेलू उद्योगों और व्यापार को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। यह विचार व्यापारी संवाद के प्रदेश सह-संयोजक दिनेश डोभाल ने ऋषिकेश में आयोजित एक व्यापारी सम्मेलन के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट में एमएसएमई ग्रोथ फंड का प्रावधान किए जाने से लघु, मध्यम उद्यमियों एवं व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन को गति मिलेगी।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के जिला संयोजक दीपक तायल ने कहा कि यह बजट राष्ट्र को आत्मनिर्भरता, समृद्धि और ‘विकसित भारत’ की अवधारणा को और अधिक मजबूत करने वाला है। उन्होंने बताया कि बजट में व्यापार और उद्योग के अनुकूल प्रावधान किए गए हैं, जो आने वाले समय में देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे।

कार्यक्रम में सह-संयोजक पवन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन भारत सरकार की एक अभिनव और ऐतिहासिक पहल है। इस मंच के माध्यम से व्यापारी प्रतिनिधियों को भारत सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे व्यापारी वर्ग की समस्याओं पर प्रभावी चर्चा कर त्वरित समाधान संभव हो सकेगा। इस अवसर पर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ऋषिकेश के नगर महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि बजट में इको-फ्रेंडली टूरिज्म एवं माउंटेन ट्रेल्स के लिए किए गए प्रावधानों से उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पर्यटन, होटल उद्योग और अन्य संबंधित क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

व्यापारी संवाद सम्मेलन में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया के साथ-साथ चेतन शर्मा, आशु डंग, प्रदीप गुप्ता, शिवम टुटेजा, शरद सेमवाल, पंकज शर्मा, पंकज चावला, अभिनव गोयल, मनीष मिश्र, रोमा सहगल, मोहन पाहवा, राहुल पाल, राकेश पाल, अनिरुद्ध शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन का उद्देश्य व्यापारियों को केंद्रीय बजट की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए जागरूक करना रहा।

Ad