डोईवाला में विराट हिंदू सम्मेलन, हिंदू एकता को बताया राष्ट्र की शक्ति

खबर शेयर करें -

डोईवाला : डोईवाला क्षेत्र में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू समाज में एकता, सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक जागरूकता को सशक्त करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह विभाग कार्यवाह मनोज ने कहा कि हिंदू समाज की एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होता है, तभी राष्ट्र प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। मनोज ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें।

उन्होंने कहा कि आज के युवाओं में अपार ऊर्जा और क्षमता है, जिसे सकारात्मक दिशा देकर देश और समाज के विकास में लगाया जा सकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। सम्मेलन में महिला वक्ता ममता कुंवर ने नारी शक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की दिशा तय करने वाली शक्ति है। ममता कुंवर ने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने हिंदू संस्कृति, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों को सहेजने की आवश्यकता पर भी चर्चा की। सम्मेलन में उपस्थित लोगों ने वक्ताओं के विचारों का समर्थन करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना, आपसी सहयोग को मजबूत करना और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

Ad