खबर शेयर करें -

देहरादून/हरिद्वार : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। यह दौरा धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 मार्च को आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, जनसुविधाओं और आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने कहा कि यह अवसर राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने का है, इसलिए आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित होना चाहिए।बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सरकार की ओर से बताया गया कि चार वर्षों में प्रदेश में आधारभूत संरचना, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इन उपलब्धियों को प्रदर्शनी और प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कार्यक्रम में प्रस्तुत किया जाएगा।सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और राज्य सरकार की योजनाओं एवं भविष्य की रूपरेखा पर प्रकाश डालेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा संगठन स्तर पर भी तैयारियां जोरों पर हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। 7 मार्च को होने वाला यह कार्यक्रम राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता के शामिल होने की संभावना है।

Ad