मुख्यमंत्री धामी से केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा की मुलाकात, सड़क व राजमार्ग विकास पर हुई अहम चर्चा

खबर शेयर करें -

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार में राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के मध्य उत्तराखंड में सड़क, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर और सुरक्षित कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने तथा राज्य में संचालित एवं प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों, सीमावर्ती क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में सड़क एवं परिवहन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त और आधुनिक सड़क नेटवर्क न केवल प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति देगा, बल्कि पर्यटन, चारधाम यात्रा, स्थानीय व्यापार और सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को भी सुदृढ़ करेगा। मुख्यमंत्री ने पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप टिकाऊ एवं सुरक्षित सड़क निर्माण की आवश्यकता पर भी बल दिया।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड के समग्र विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय राज्य की विशिष्ट भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार भविष्य में भी उत्तराखंड को सड़क, राजमार्ग और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

बैठक को प्रदेश के बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में उत्तराखंड में आवागमन और विकास के नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद

Ad