ऋषिकेश में वन भूमि सर्वे के विरोध में बवाल, हाईवे-रेल यातायात ठप
ऋषिकेश: सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वन विभाग की भूमि के सर्वे के विरोध में शहर में भारी हंगामा देखने को मिला। सर्वे की कार्रवाई को लेकर आक्रोशित लोगों ने हरिद्वार हाईवे, बाईपास और रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालात इतने बिगड़े कि मनसा देवी फाटक क्षेत्र में पथराव की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
पथराव और झड़प के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उपद्रवियों द्वारा रेलवे ट्रैक बाधित किए जाने से रेल संचालन भी प्रभावित हुआ और करीब छह ट्रेनें तय समय से देरी का शिकार रहीं। जाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात किया। संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सर्वे पूरी तरह सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत किया जा रहा है और इसका उद्देश्य वन भूमि की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वे से उनके घरों और दुकानों पर असर पड़ने की आशंका है, इसी कारण विरोध किया गया।फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन अलर्ट मोड में है। प्रभावित मार्गों पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है और रेलवे संचालन भी बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।
