ऋषिकेश में पथराव व लाठीचार्ज की घटना पर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल की पहल, जनप्रतिनिधियों संग हुई अहम बैठक
ऋषिकेश : ऋषिकेश में बीते दिनों हुई पथराव एवं लाठीचार्ज की दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर ऋषिकेश के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक आयोजित की। इस बैठक में ऋषिकेश मेयर, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, निगम पार्षदगण तथा क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य पूरे घटनाक्रम की गहन समीक्षा करना, जनभावनाओं को समझना और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा।

बैठक के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्रमवार जानकारी देते हुए बताया कि घटना के पहले ही दिन उन्होंने स्वयं डीएफओ वन प्रभाग से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति की जानकारी ली थी। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से संयम, संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया था। इसके बाद दूसरे दिन उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए एक ज्ञापन सौंपा और मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का निवेदन किया।
डॉ. अग्रवाल ने आगे बताया कि तीसरे दिन उन्होंने डीएफओ वन प्रभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता के साथ किसी भी प्रकार के टकराव से बचते हुए संवाद एवं समन्वय के माध्यम से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई में मानवीय दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियां उत्पन्न न हों।
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनता के साथ संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास का वातावरण ही शांति एवं कानून-व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित उनके लिए सर्वोपरि है और प्रभावित लोगों को न्याय एवं राहत दिलाने के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।

बैठक में यह भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि चूंकि संबंधित क्षेत्र नगर निगम के अधीन आता है, इसलिए नगर निगम की ओर से माननीय सर्वोच्च न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जाएगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा सक्षम अधिवक्ता नियुक्त कर अपना पक्ष मजबूती से रखा जाएगा, ताकि कानूनी दायरे में रहते हुए जनता के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, प्रशासनिक कार्यवाही में संवेदनशीलता बरतने तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, ज्योति सजवाण, रविंदर सिंह राणा सहित अनेक पार्षद एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पार्षदों में वीरेंद्र रमोला, अनिल रावत, लव काम्बोज, राजेंद्र बिष्ट, मुस्कान चौधरी, सत्या कपरुवान, अभिनव मालिक, सुरेंद्र नेगी, सचवीर भंडारी, राजेश कोठियाल, दिनेश रावत, संजय ध्यानी, हैप्पी सेमवाल, अरुण बड़ोनी, मनीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
