कृषि एवं हॉर्टिकल्चर टिहरी की आर्थिक रीढ़ : जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल: जनपद टिहरी गढ़वाल के उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा विकासखण्ड सभागार, चम्बा में एक दिवसीय जनपद स्तरीय माल्टा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की।

मुख्य अतिथि संजय नेगी ने कहा कि जनपद में सब्जी एवं फलों का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है। इससे जहां किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है, वहीं स्थानीय व्यापारियों को भी बेहतर लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक और प्रसंस्करण को अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनपद टिहरी में पहली बार माल्टा महोत्सव का आयोजन किया गया है, जो कृषकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आज किसान दिवस भी मनाया जा रहा है और कृषि एवं हॉर्टिकल्चर ही जनपद की आर्थिक नींव हैं। ऐसे आयोजन आगे भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में किए जाएंगे, जिनके माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, उनकी समस्याओं पर संवाद होगा और सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने की अपील की।

कृषकों के लिए आयोजित कार्यशाला के दौरान खेतवाल बिजल्वाण के कृषक द्वारा बंदरों के आतंक की समस्या उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने बंदरों को भोजन न देने के संबंध में आवश्यक सुझाव देते हुए कहा कि बंदररोधी पॉलीहाउस शीट्स के संबंध में शासन को संस्तुति भेजी जाएगी तथा इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भैंसवाड़ा क्षेत्र के कीवी उत्पादक कृषक ने जंगली सूअर एवं भालू से खेती को होने वाले नुकसान की समस्या रखी, जबकि चोपड़ियाल गांव के सब्जी उत्पादक कृषक ने फ्लोरीकल्चर में रुचि जताते हुए जैविक उत्पादों के उचित मूल्य और विपणन से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा।

इस अवसर पर सेंटर फॉर फूड टेक्नोलॉजी, मैसूर से पधारे वैज्ञानिक डॉ. लीला चौहान ने किसानों को छोटी प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने, तेल निष्कर्षण तथा नई फसली संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।जिला उद्यान अधिकारी अरविन्द शर्मा ने माल्टा उत्पादन, प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन, पोषण संबंधी महत्व तथा पर्वतीय क्षेत्रों में माल्टा उत्पादन के माध्यम से लैंगिक असमानता में कमी जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। महोत्सव के दौरान आयोजित सिट्रस फलों की प्रदर्शनी में माल्टा, गलगल, नींबू सहित अन्य फलों का निरीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने गौचर, चमोली में आयोजित राज्य स्तरीय किसान दिवस के अवसर पर भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश वर्चुअल माध्यम से सुना।इस मौके पर प्रमुख सुमन सजवाण, ज्येष्ठ प्रमुख संजय मैठाणी, बीज बचाओ आंदोलन के संयोजक विजय जड़धारी, चम्बा ,मसूरी फल पट्टी के पूर्व अध्यक्ष बिरेन्द्र नेगी, भाजपा मीडिया प्रभारी प्रमोद कान्त उनियाल, कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी डॉ. आलोक येवले, सीवीओ डॉ. डी.के. शर्मा, भूमि संरक्षक अधिकारी शशिकांत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, दूर-दराज क्षेत्रों से आए कृषक एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Ad