मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून में सफल ABO इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट, उत्तराखंड में रीनल ट्रांसप्लांट सेवाओं को नई मजबूती
देहरादून: उत्तराखंड में उन्नत रीनल ट्रांसप्लांट सेवाओं की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून ने सफलतापूर्वक ABO इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट किया है। यह अत्याधुनिक चिकित्सा प्रक्रिया ब्लड ग्रुप में असंगति के बावजूद किडनी ट्रांसप्लांट को संभव बनाती है, जिससे उन मरीजों को नई उम्मीद मिली है जिन्हें परिवार में ब्लड ग्रुप से मेल खाने वाला डोनर नहीं मिल पाता।
यह उपलब्धि देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब तक इस तरह की हाई-एंड और हाई-रिस्क ट्रांसप्लांट प्रक्रियाएं मुख्य रूप से देश के बड़े मेट्रो शहरों तक ही सीमित थीं। अब राज्य में ही इस सुविधा के उपलब्ध होने से मरीजों को बाहर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी।इस सफल ट्रांसप्लांट की लाभार्थी 24 वर्षीय अदिति, जो देहरादून की निवासी और छात्रा हैं, पिछले दो वर्षों से एंड स्टेज रीनल डिजीज से पीड़ित थीं। किडनी फेल होने के बाद वे लंबे समय से हीमोडायलिसिस पर निर्भर थीं, जिससे उनका सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। उनकी 52 वर्षीय मां सुनीता ने किडनी डोनेट करने की इच्छा जताई, लेकिन ब्लड ग्रुप में असंगति के कारण पारंपरिक किडनी ट्रांसप्लांट संभव नहीं था।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून में उपलब्ध एडवांस्ड ABO-इनकम्पैटिबल ट्रांसप्लांट तकनीक के माध्यम से यह बाधा दूर की गई और सुनीता द्वारा दी गई किडनी से अदिति का जीवन रक्षक ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया।इस उपलब्धि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. पुनीत अरोड़ा, एसोसिएट डायरेक्टर , नेफ्रोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट, मैक्स हॉस्पिटल, देहरादून ने कहा,“किडनी की मांग आपूर्ति से कहीं अधिक है और बड़ी संख्या में मरीज केवल इसलिए ट्रांसप्लांट से वंचित रह जाते हैं क्योंकि उनके परिवार में ब्लड ग्रुप से मेल खाने वाला डोनर नहीं होता। ABO-इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट एक वैज्ञानिक रूप से मान्य और सुरक्षित तकनीक है, लेकिन भारत में बहुत कम केंद्रों के पास इसे करने के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञता है। देहरादून में इस सुविधा की शुरुआत से अब मरीजों को केवल ब्लड ग्रुप कम्पैटिबिलिटी तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा। यह ट्रांसप्लांटेशन के क्षेत्र में एक नया मार्ग और मरीजों के लिए जीवन की नई उम्मीद है।

यह जटिल सर्जरी डॉ. पुनीत अरोड़ा के नेतृत्व में की गई, जिसमें डॉ. मनीष शर्मा , डॉ. दीपक गर्ग और डॉ. तारिक नसीम सहित एक अनुभवी मल्टीडिसिप्लिनरी टीम शामिल रही। इसके अलावा एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की टीम ने भी सर्जरी और पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल में अहम भूमिका निभाई।
ट्रांसप्लांट के बाद अदिति को विशेष इंटेंसिव केयर यूनिट में कड़ी निगरानी में रखा गया। इस दौरान उनकी स्थिति स्थिर रही और किडनी के कार्य में लगातार सुधार देखा गया। संतोषजनक स्वास्थ्य स्थिति के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं, डोनर सुनीता भी सर्जरी के बाद तेजी से स्वस्थ हो गईं।
इस सफल ABO-इनकम्पैटिबल किडनी ट्रांसप्लांट के साथ मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, देहरादून ने खुद को एक समग्र और उन्नत रीनल केयर प्रोवाइडर के रूप में स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल अस्पताल की चिकित्सा क्षमता को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड के गंभीर किडनी रोगियों के लिए बेहतर, सुलभ और आधुनिक इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी साबित हो रही है।
