बापूग्राम, शिवाजीनगर, बीस बीघा और अमितग्राम के नागरिकों की कानूनी लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस: गणेश गोदियाल
ऋषिकेश: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अमितग्राम और बीस बीघा क्षेत्र में सैकड़ों पीड़ित परिवारों के साथ अलग–अलग बैठकों में हिस्सा लेकर उन्हें हर स्तर पर सहयोग और क़ानूनी लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। बैठक से पूर्व क्षेत्रीय पार्षद सत्य कपरूवान और पार्षद सचबीर भंडारी ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्रदेश अध्यक्ष को दी।
बैठक को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि यह मामला सरकार स्तर और क़ानूनी प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, लेकिन मौजूदा सरकार ने पीड़ित परिवारों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च न्यायालय तक क़ानूनी लड़ाई लड़ने को तैयार है। गोदियाल ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर आम जनता के साथ अन्याय नहीं होने देगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में पीड़ित परिवारों की हितैषी है तो विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जाए और ऋषिकेश सहित प्रदेश की वन भूमि पर वर्षों से क़ाबिज़ लोगों को भूमि का अधिकार दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस के सभी विधायक एकमत होकर समर्थन देंगे।
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने कहा कि पार्टी पीड़ित परिवारों के हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और किसी भी परिवार के साथ नाइंसाफी नहीं होने दी जाएगी। वहीं पार्षद अभिनव मलिक और पार्षद सुरेन्द्र नेगी ने कहा कि क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश है। वर्षों से यहां रह रहे नागरिकों को उजाड़ने की साजिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वन मंत्री से भी मुलाकात की गई, लेकिन कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला। अब पीड़ित परिवारों की आवाज़ को कांग्रेस विधायक सदन में मजबूती से उठाएंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बैठक के अंत में पीड़ित परिवारों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का समर्थन और भरोसा देने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, ज़िलाध्यक्ष मोहित उनियाल, महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह, राजपाल खरोला, मनोज गुसांई, ललित मोहन मिश्रा, ऋषि सिंघल, प्रदीप जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
