उत्तराखंड बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव

खबर शेयर करें -

देहरादून : उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद (UBSE) ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणाम को अधिक पारदर्शी, त्रुटिहीन और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से मूल्यांकन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। परिषद ने 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के साथ ही परीक्षकों द्वारा प्राप्तांकों को सीधे ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने की व्यवस्था लागू की है।परिषद के अधिकारियों के अनुसार, पहले उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद अंक अलग से मैन्युअली दर्ज किए जाते थे, जिससे त्रुटियों की संभावना बनी रहती थी और परिणाम घोषित करने में भी विलंब होता था। नई व्यवस्था के तहत अब मूल्यांकन केंद्रों पर ही परीक्षक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अंक अपलोड करेंगे, जिससे डाटा तुरंत सुरक्षित सर्वर पर उपलब्ध हो जाएगा।

इस प्रक्रिया के लिए सभी मूल्यांकन केंद्रों को तकनीकी रूप से सुसज्जित किया गया है। परीक्षकों को पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि अंक दर्ज करने में किसी प्रकार की गलती न हो। साथ ही, परिषद ने निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है, जो पूरे मूल्यांकन कार्य पर नजर रखेंगी।

परिषद का मानना है कि इस नई प्रणाली से परिणाम जारी करने में तेजी आएगी और छात्रों को समय पर सटीक परिणाम मिल सकेगा। इसके अलावा, अंक दर्ज करने में मानवीय त्रुटियों की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाएगी।बताया जा रहा है कि इस बदलाव के चलते इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में पहले घोषित किए जा सकते हैं, जिससे लाखों छात्र-छात्राओं को राहत मिलेगी।

Ad