हैदराबाद में उत्तराखंड को मिला राष्ट्रीय विमानन सम्मान
हैदराबाद/देहरादून: अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी Wings India 2026 में उत्तराखंड को “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem” के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नागरिक उड्डयन क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रभावी प्रयासों, मजबूत नीतिगत समर्थन और विमानन पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में उठाए गए ठोस कदमों की मान्यता के रूप में प्रदान किया गया।
यह पुरस्कार हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के सचिव समीर कुमार सिन्हा द्वारा उत्तराखंड प्रतिनिधिमंडल को प्रदान किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सचिव सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया तथा हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा उपस्थित रहे।
देश के सबसे बड़े विमानन मंचों में से एक Wings India में देश-विदेश के नीति निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और विमानन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारक भाग लेते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर उत्तराखंड को मिला यह सम्मान राज्य के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है और इससे भविष्य में निवेश व विकास के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।राज्य सरकार के अनुसार यह उपलब्धि उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और हवाई संपर्क को तेजी से मजबूत करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। साथ ही आपदा प्रबंधन, आपातकालीन राहत एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के सफल क्रियान्वयन, नई हेली सेवाओं के विस्तार और आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास ने उत्तराखंड को तेजी से एक उभरते विमानन हब के रूप में स्थापित किया है।विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुरस्कार न केवल राज्य की वर्तमान उपलब्धियों की पुष्टि करता है, बल्कि भविष्य में निवेशकों के भरोसे को भी मजबूत करेगा। इससे पर्वतीय राज्य में पर्यटन, व्यापार, तीर्थाटन और आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को नई गति मिलने की संभावना है।
