ऋषिकेश में वाहन बैटरी चोरी का खुलासा, पुलिस ने अभियुक्त को चोरी की बैटरियों व स्कूटी सहित किया गिरफ्तार
ऋषिकेश: वादी सुखमनप्रीत सिंह, पुत्र कर्तार सिंह, निवासी चन्द्रभागा, ऋषिकेश, जनपद देहरादून द्वारा कोतवाली ऋषिकेश में एक लिखित तहरीर दी गई, जिसमें उनके द्वारा अवगत कराया गया कि अज्ञात चोरों द्वारा नगर निगम की पार्किंग में खड़े उनके वाहन टाटा इंट्रा संख्या यू0के0-07-सीडी-7294 से बैटरी चोरी कर ली गई है। वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में तत्काल मु0अ0सं0 43/26 धारा 305(बी) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तथा चोरी की घटना के शीघ्र अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा कोतवाली ऋषिकेश पर गठित पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उक्त निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में दिनांक 26-01-2026 को पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान ट्रांजिट कैंप के पीछे वाले गेट के पास से घटना में संलिप्त अभियुक्त अभिषेक कल्याण को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से घटना में चोरी की गई 02 बैटरियाँ तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी संख्या यू0के0-14-जे-9628 बरामद की गई।
गिरफ्तारी के पश्चात अभियुक्त से की गई पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह स्थानीय क्षेत्र में ड्राइवर का कार्य करता है, जिसके कारण उसे आसपास खड़े वाहनों तथा उनकी स्थिति की पूरी जानकारी रहती थी। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने नशे की आदतों एवं अन्य व्यक्तिगत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उक्त चोरी की घटना को अंजाम देता था।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। ऋषिकेश पुलिस द्वारा जनपद में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार सतर्कता एवं कठोर कार्रवाई जारी है।
