अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र सम्मानित

खबर शेयर करें -

भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर सत्येश्वरी देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज, रायवाला में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण है। विद्यार्थियों को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षिक प्रतियोगिताएं छात्रों की रचनात्मक सोच को विकसित करने के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास में सहायक होती हैं।

निबंध प्रतियोगिता में आयुष कुमार (कक्षा 12) ने प्रथम, मानसी (कक्षा 10) ने द्वितीय तथा दीपिका आर्य (कक्षा 9) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। डॉ. अग्रवाल ने विद्यालय परिवार को इस तरह के प्रेरणादायी आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.पी. मैथानी, प्रबंधक बी.डी. चमोली, लक्ष्मी राणा शिक्षिका, समिति अध्यक्ष गणेश रावत, ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, पीटीए अध्यक्ष जलपा देवी, राहुल अग्रवाल सहित शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Ad